‘’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ थीम पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक
————
देवास 24 जनवरी 2022/ कृषि विज्ञान केन्द्र देवास द्वारा जयप्रकाश नगर आंगनवाड़ी केन्द्र में ‘‘राष्ट्रीय बालिका दिवस’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास एवं नेहरू युवा केन्द्र के साथ संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में केन्द्र की वैज्ञानिक श्रीमती नीरजा पटेल ने राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं का समान योगदान है। आज लड़किया हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं इसलिए इनके साथ समानता का व्यवहार होना चाहिए। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर जोर देते हुए उन्होंने सभी से आग्रह किया कि बेटियों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें एवं उन्हें सशक्त बनाने में योगदान प्रदान करें।
कृषि विज्ञान केन्द्र की वैज्ञानिक डॉ. सविता कुमारी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को उचित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसर दिये जाने चाहिए। साथ ही उन्हें एक सुरक्षित वातावरण भी मिलना चाहिए, जिससे वे निर्भीक होकर आगे बढ़ सके। महिला एवं बाल विकास से उपस्थित अधिकारियोंन ने बालिका शिक्षा एवं उनके स्वास्थ्य पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता रखी गई साथ ही नुक्कड़ नाटक भी किया गया। प्रतियोगिता में नेहरू युवा केन्द्र के अनिल कुमार जैन द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिये गये।