– कुछ संचालको ने अपने स्कूल के समय में किया बदलाव
देवास में तेज ठंड का दौर शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक चल रहा है, नियम के अनुसार सर्दी शुरू होते ही स्कूल का समय में बदलाव हो जाना था, लेकिन जिला प्रशासन की ओर कोई आदेश नहीं आया है। प्रायवेट स्कूल का समय अधिकतर सुबह जल्दी का रहता है, ऐसे में बच्चे कड़ाके की ठंड में सुबह 6 से 7 बजे कांपते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं।
पिछले करीब एक सप्ताह से ठंड में बढ़ोतरी हुई है, पर स्कूल के समय में बदलाव नहीं किया गया है। स्कूल में सुबह की शिफ्ट 7.30 बजे से शुरू होती है, 12 बजे तक चलती है। खासकर सुबह की शिफ्ट में छोटे बच्चों की कक्षा लगाई जाती हैं। सीएम राइज स्कूल में कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं का समय सुबह 7 बजे से है। ऐसे में बच्चों को सुबह 6 से 6.30 बजे ही घर से निकलना होता है।
ठंड बढऩे के कारण बच्चों को प्रतिदिन जहां दिक्कतें होती हैं, वहीं पालक भी परेशानी उठा रहे हैं। पैरेंट्स का कहना है कि पिछले साल ठंड शुरू होते ही स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया था। इस बार भी अधिकारियों को जल्द ही समय बदलाव पर निर्णय लेना चाहिए। स्कूल संचालको का कहना है कि प्रशासन का अभी समय बदलाव को लेकर कोई आदेश नहीं आया है। जैसे ही आदेश आएगा उसी के अनुसार समय परिवर्तन कर दिया जाएगा।
वही देवास के कुछ स्कूल जैसे सरदाना इंटरनेशनल स्कूल, इनोवेटिव पब्लिक स्कूल ने अपने समय में बदलाव कर दिया है।