संपूर्ण भारत में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण अंतर्गत मिली प्रथम रैंक

– फिर हुआ देवास गौरवान्वित

देवास। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2022 में देवास को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। वायु की गुणवत्ता के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यह सर्वेक्षण करवाया गया था। इसमें तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों में देवास शहर की रैंक प्रथम रही। नेशनल क्लीन एयर सिटी में देवास शहर संपूर्ण भारत में प्रथम स्थान पर आया है। उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर में उड़ीसा के राज्यपाल गणेशीलाल एवं केंद्रीय मंत्री बीके यादव के हाथों यह अवार्ड व प्रमाण पत्र नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने प्राप्त किया। पुरस्कार के साथ ही 37 लाख 50 हजार रुपए का चेक भी नगर निगम को प्राप्त हुआ। आयुक्त के साथ वायु स्वच्छता और स्वच्छता नोडल अधिकारी सौरभ त्रिपाठी एवं इंजीनियर राजेश कौशल साथ रहे। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह शहरवासियों के सहयोग से ही संभव हो पाया है। हमें मिलकर इसी प्रकार से पर्यावरण का संरक्षण करना है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी देवास नगर निगम को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में पूरे भारत में प्रथम स्थान एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में दूसरा स्थान प्राप्त हो चुका है। नगर निगम की टीम महापौर, सभापति एवं आयुक्त के मार्गदर्शन में श्रेष्ठ कार्य कर रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में भी देवास प्रथम स्थान पर आने के लिए प्रयासरत है।

Post Author: Vijendra Upadhyay